ऊना,सुशील पंडित: उद्योग विभाग के आरएएमपी कार्यक्रम के तहत एमएसएमई की प्रतिस्पर्धात्मकता और बाजार पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से औद्योगिक क्षेत्र गगरेट स्थित मिनी कॉमन फैसिलिटी सेंटर में ‘स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग एवं जीईएम व सीपीपी पोर्टल’ विषय पर बुधवार को एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें करीब 53 एमएसएमई उद्यमियों एवं प्रतिभागियों ने भाग लिया।
जिला उद्योग केंद्र ऊना के संजय शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस मौके इंडस्ट्रियल एरिया एसोसिएशन गगरेट के अध्यक्ष प्रमोद और सचिव सुरेश शर्मा भी मौजूद रहे। संजय शर्मा ने उद्यमियों से ऐसी कार्यशालाओं का लाभ उठाने और आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला के पहले सत्र में कोविद शर्मा ने स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, उद्योग 4.0, ऑटोमेशन, आईओटी, डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और लागत अनुकूलन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उद्योग उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ लागत को भी बेहतर ढंग से नियंत्रित कर सकते हैं।
दूसरे सत्र में पुनीत बक्शी ने जीईएम और सीपीपी पोर्टल पर पंजीकरण, ऑनबोर्डिंग, बोली प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और सरकारी खरीद में एमएसएमई के लिए उपलब्ध प्रावधानों की जानकारी दी। इससे उद्यमियों को सरकारी खरीद प्रक्रिया से जुड़ने और अपने उत्पादों के लिए नए बाजार अवसर तलाशने में मदद मिलेगी। आरएएमपी टीम ने उद्यमियों को आवश्यक तकनीकी सहायता एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया। प्रतिभागियों ने दोनों सत्रों में सक्रिय भागीदारी करते हुए विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया।