अमृतसरः जिले के इस्लामाबाद इलाके में देर रात एक 21 वर्षीय युवक राहुल शर्मा द्वारा कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों द्वारा भंडारी पुल पर धरना लगाकर न्याय की माँग की गई। परिवार का आरोप है कि राहुल पिछले करीब ढाई से तीन साल से एक लड़की के साथ रिश्ते में था और लड़की द्वारा उसे कथित तौर पर ब्लैकमेल और हरासमेंट किया जाता था। मृतक की बहन अजना शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि लड़की द्वारा राहुल से लगातार पैसों की मांग की जाती थी और उसे गाली-गलौज व ब्लैकमेल किया जाता था। उनके मुताबिक, परिवार का करीब 15 लाख रुपये का सोना भी राहुल द्वारा लड़की को दिए जाने का दावा है।
अजना शर्मा ने कहा कि उनके पिता की मौत के बाद परिवार के पास कोई इनकम सोर्स नहीं था और राहुल खुद भी कोई काम नहीं करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन लड़की द्वारा राहुल के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई, जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। वहीं, मृतक की दूसरी बहन करिश्मा ने भी लड़की के बारे में बताया और उस पर ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाए। करिश्मा के मुताबिक, राहुल और लड़की की स्कूल समय से जान-पहचान थी और परिवार को करीब डेढ़-दो साल से उनके रिश्ते के बारे में पता था। उन्होंने बताया कि राहुल को उसके पिता की सर्विस के आधार पर पंजाब पुलिस में नौकरी मिलनी थी। परिवार का कहना है कि पुलिस को शिकायत देने के बावजूद उन्हें तुरंत कार्रवाई होती नजर नहीं आई।
इसके बाद परिवार ने भंडारी पुल पर धरना लगाया और मांग की कि लड़की की गिरफ्तारी के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाए। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह इस्लामाबाद इलाके का सुसाइडल केस है। उन्होंने बताया कि परिवार की मांगों को सुनने के लिए एसएचओ को मौके पर बुलाया गया है। एसएचओ ने परिवार को मामले में बनती कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामला वरिष्ठ अधिकारियों के ध्यान में भी लाया जाएगा और कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। परिवार द्वारा लगाए गए ब्लैकमेलिंग और हरासमेंट के आरोपों की पुलिस जांच से ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।