एसआईआर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने प्रदेश के सभी उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में SIR प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में नोटिस तैयार करने, उनकी प्रिंटिंग एवं वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा फॉर्म 9, 10, 11, 11A एवं 11B में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूचियां तैयार करने तथा इन्हें राजनीतिक दलों के साथ साप्ताहिक आधार पर साझा करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा हुई।
बैठक में फॉर्म 6, 7 एवं 8 के निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। पहली बार मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने वाले पात्र नागरिकों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। राज्य में कुल 17,926 फॉर्म नं 6 व 17,647 फॉर्म नं 8 प्राप्त हुए हैं। फॉर्म 6 व 8 के साथ declaration दी जानी आवश्यक है।
इस दौरान बीएलए–II (Booth Level Agent-II) की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा हुई। SIR प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की भागीदारी, बूथ स्तर पर समन्वय तथा दावे एवं आपत्तियों से संबंधित कार्यों में बीएलए–II की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार किया गया। दावे तथा आपत्तियों की अवधि यानी 30 अगस्त तक प्रत्येक बीएलए–II अधिकतम 30 फॉर्म undertaking के साथ बीएलओ को जमा करवा सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों में SIR से संबंधित कार्यों की निरंतर निगरानी, बेहतर समन्वय और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। बैठक में जिला स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों तथा उनके प्रभावी समाधान पर भी चर्चा हुई।