अहमदाबादः आनंदनगर इलाके में एक पीजी में रहने वाली इंटीरियर डिजाइनिंग की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीजी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करने वाले धर्म सिंह ने छत पर युवती को अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती की। हालांकि घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पीड़ित छात्रा का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक युवती रात करीब 10 बजे पीजी की छत पर वॉक करने के लिए गई थी। उस समय छत पर सिक्योरिटी गार्ड धर्मसिंह भी मौजूद था। आरोप है कि युवती ने जब आरोपी से बचने के लिए वहां से निकलने की कोशिश की, तो धर्मसिंह ने उसके गले में वायर बांध दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मामले की सूचना मिलते ही आनंदनगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला है और उसने कुछ ही दिन पहले पीजी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी शुरू की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।