पटियालाः मॉडल टाउन में एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने एक आवास पर दबिश दी। इस दौरान ईडी टीम द्वारा घर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार ईडी टीम द्वारा पिछले 48 घंटों से जांच की जा रही है। हालांकि इस कार्रवाई को लेकर कोई अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। ईडी की टीम 3 गाड़ियों में मॉडल टाउन स्थित एक आवास पर पहुंची है। अधिकारियों ने घर में घुसने से पहले या बाद में मीडिया से बात नहीं की और न ही ऑपरेशन के मकसद के बारे में कोई जानकारी दी गई।
वहीं दूसरी ओर बताया जा रहा है कि यह घर हतिंदर हैरी नाम के शख्स का है, जो शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया का काफी करीबी माना जाता है। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को घर से बाहर निकलने या बाहर से अंदर आने की इजाजत नहीं थी। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने किसी से बातचीत किए बिना सीधे घर में प्रवेश किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया के सवालों का भी कोई जवाब नहीं दिया।
सुरक्षा कर्मियों ने आवास के अंदरूनी गेट बंद कर दिए, जिसके बाद ईडी ने तलाशी और जांच शुरू की। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई देर रात तक चली। लंबे समय तक चली जांच के दौरान टीम ने कई बार ऑनलाइन भोजन भी मंगवाया। तलाशी अभियान के कई घंटों तक जारी रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।