ऊना,सुशील पंडित: माननीय मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश द्वारा शुरू किए गए “नशा मुक्त हिमाचल” अभियान के तहत जिला पुलिस ऊना की नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के अंतर्गत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 711 ग्राम चरस/कैनाबिस और 54 ग्राम अफीम बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस ऊना द्वारा नशे के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 04 अगस्त 2026 को SIU ऊना की पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अम्ब चौक में एक ALTO K10 कार को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 711 ग्राम चरस/कैनाबिस तथा 54 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही कार चालक अवतार कुमार निवासी वार्ड नंबर 1, भंजाल, तहसील घनारी, जिला ऊना को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित के खिलाफ NDPS एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नशीले पदार्थों का स्रोत क्या था तथा इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक किन लोगों से जुड़े हुए हैं।
जिला पुलिस ऊना ने आमजन से अपील की है कि नशा समाज और विशेष रूप से युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। यदि किसी व्यक्ति के बारे में नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री या सेवन को बढ़ावा देने संबंधी कोई सूचना हो तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी और समाज को नशा मुक्त बनाने की यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी।