ऊना,सुशील पंडित: जिला ऊना बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
अंडर- 11बॉयज में विद्यालय के छात्र विराज कंवर ने डबल्स प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल किया तथा सिंगल्स प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल हासिल किया।
अंडर-15 बॉयज में विभास ने डबल्स प्रतियोगिता में गोल्ड मेडलअपने नाम किया तथा सिंगल्स प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल हासिल किया।
वहीं अंडर-19 बॉयज में रुद्रा सहोड़ ने सिंगल्स तथा डबल्स, दोनों प्रतियोगिताओं में सिल्वर मेडल जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
इन तीनों खिलाड़ियों का आगामी दिनों में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए चयन भी हुआ है, जो विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक अनुज वशिष्ट ने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही उनकी सफलता का आधार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जिला एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने भी विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों तथा प्रशिक्षकों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वशिष्ट पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएँ दीं।