अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और पंचकूला के श्रमिकों को बड़ी राहत : अनिल विज
चंडीगढ: हरियाणा के श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि उप-श्रम आयुक्त, पंचकूला का कार्यालय अब अंबाला छावनी स्थित एसडीएम कार्यालय परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा। इस संबंध में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह निर्णय श्रमिकों, उद्योगों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिससे श्रम विभाग की सेवाएं लोगों के और अधिक निकट पहुंच सकेंगी।
विज ने बताया कि वर्तमान में साहा औद्योगिक क्षेत्र, अंबाला छावनी के साइंस इंडस्ट्री क्षेत्र सहित जिले के अनेक हिस्सों में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां स्थापित हैं। इन उद्योगों में हजारों श्रमिक कार्यरत हैं, जिन्हें अपनी श्रम संबंधी समस्याओं, शिकायतों एवं अन्य विभागीय कार्यों के लिए उप-श्रम आयुक्त कार्यालय, पंचकूला जाना पड़ता था। इससे श्रमिकों को अनावश्यक असुविधाओं का सामना करना पड़ता था।