जालंधर, ENS: महानगर में अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला। सावन के पहले सोमवार दोपहर को तेज बारिश से लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। वहीं तेज बारिश में छात्र भीगते हुए दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार 2 दिनों तक प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि बुधवार और वीरवार को पूरे पंजाब में किसी प्रकार की मौसम चेतावनी नहीं रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार 3 अगस्त यानी आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब जिलों के लिए निगरानी (पीला) अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि 4 अगस्त को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब के साथ फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा जिलों को भी निगरानी श्रेणी में रखा गया है। इन इलाकों में कहीं-कहीं तेज बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
वहीं 5 अगस्त को पूरे पंजाब में किसी भी जिले के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। अधिकांश स्थानों पर मौसम सामान्य रहेगा। कहीं-कहीं हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन व्यापक वर्षा की संभावना नहीं है। जबकि 6 अगस्त को मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश में कोई चेतावनी नहीं रहेगी। सामान्य मौसम के बीच तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में अगर 5 अगस्त से मानसून फिर से सुस्त होता है तो राज्य में उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
