नई दिल्ली : औरंगाबाद में एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक नाबालिग भी शामिल है। मरने वालों की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। जानकारी के कार सवार पटना की तरफ आ रहे थे।
घटना दाउदनगर थाना क्षेत्र के नहर रोड में चमन बिगहा के पास की है। दाउदनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार ऋषी राज ने बताया कि सभी लोग रोहतास के गुप्ताधाम से पूजा करके वापस पटना लौट रहे थे, तभी गाड़ी अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई।
कार लगभग 30 मिनट तक नहर में रही। पूरी गाड़ी में पानी भर गया था। जिससे कार सवार पांच लोगों की मौत हुई। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को पानी से निकलवाया।