लुधियानाः लोकसभा चुनाव को लेकर भारी मात्रा में पुलिस तैनात की गई है। वहीं इस दौरान भारी मात्रा में किसी भी व्यक्ति को नगदी ले जाने को लेकर पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ की जा रही है। दरअसल, प्रशासन द्वारा नगदी ले जाने को लेकर लोगों और बैंक वालों को हिदायते जारी की गई है। वहीं चुनावों को लेकर जगह-जगह पर नाकेबंदी कर चैकिंग की जा रही है। इसी के तहत देहात में नाकाबंदी के दौरान कार में सवार 2 लोग पुलिस नाका देखकर गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गए।
जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच की तो पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए, जब उन्होंने कार में पैसों का ढेर देखा। जिसके बाद पुलिस कर्मियों ने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी और मौके पर पहुंचे।जब पुलिस के आला अधिकारियों ने पैसों की गिनती शुरू की तो गाड़ी से 40 लाख 25 हजार रुपए बरामद हुए। पुलिस ने इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पैसे का इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था। इस बात की गहन जांच चल रही है कि इस पैसे का चुनाव से कोई संबंध है या नहीं।