नूंहः हरियाणा के नूंह में जलाभिषेक यात्रा के दौरान भड़की हिंसा की आग हरियाणा के कई शहरों में पहुंच गई है। हिंसा में छह लोगों की मौत हो गई है। नूंह में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। आरोपियों की धरपकड़ व शांति के लिए अर्धसैनिक बलों की 20 व पुलिस बल की 20 कंपनियां तैनात की गई हैं। नूंह में कर्फ्यू लगाया गया है। आसपास के शहरों में धारा 144 लगाई गई है। हरियाणा के पलवल, सोहाना, मानेसर और पटौदी में इंटरनेट बंद है। विश्व हिंदू परिषद ने हिंसा के विरोध में आज देशव्यापी प्रदर्शन भी बुलाया है।
हरियाणा में हिंसा को देखते हुए यूपी के 11 जिलों में अलर्ट किया गया है। मामले में डेढ़ हजार से अधिक लोगों के खिलाफ तीस एफआईआर दर्ज की हैं। नूंह उपायुक्त ने कर्फ्यू में दो घंटे की ढील के आदेश दिए हैं। तीन बजे से लेकर शाम पांच बजे तक कर्फ्यू में ढील रहेगी। बता दें कि नूंह में सोमवार को जलाभिषेक यात्रा के दौरान हुई हिंसक घटना का असर अब तक नजर आ रहा है। कुछ उपद्रवियों ने मंगलवार देर रात पलवल में भी एक समुदाय के धार्मिक स्थल और उनके घरों पर पेट्रोल बम एवं पत्थर फेंके गए थे। इससे धार्मिक स्थल में आग लग गई। पत्थरबाजी से कुछ लोगों को चोट भी आई।
जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के नेतृत्व में भारी पुलिस मौके पर पहुंची, तब जाकर उपद्रव करने वाले बाइकों पर सवार होकर भाग निकले। पुलिस ने तुरंत दमकल की गाड़ी बुलवाकर आग पर काबू पाया। घायलों को उपचार के लिए पलवल जिला नागरिक अस्पताल में और बाद में नूंह स्थित नल्लड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार सुबह से ही उपद्रवियों की ओर से पलवल में आगजनी की घटनाओं को अंजाम देने के चलते माहौल बेहद तनावपूर्ण रहा।