नागौर: राजस्थान के नागौर जिले के गोटन कस्बे में सुबह करीब 7.48 बजे गोटन इंटरनेशनल स्कूल में 5वीं कक्षा की 9 वर्षीय छात्रा की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बच्चीक की पहचान दिव्या बापेडिया के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार दिव्या प्रार्थना से पहले स्कूल ग्राउंड में साथियों के साथ खेल रही थी, तभी अचानक लड़खड़ाकर गिर पड़ी। स्कूल स्टाफ उसे तुरंत गोटन के राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
स्कूल डायरेक्टर रामकुंवार ओला ने बताया कि तालनपुर निवासी राजेंद्र बापेडिया की बेटी दिव्या रोजाना की तरह समय पर स्कूल आई थी। प्रार्थना शुरू होने में कुछ समय बाकी था, इसलिए कई बच्चे मैदान में खेल रहे थे और दिव्या भी उन्हीं के साथ थी। गिरते ही शिक्षकों ने उसे संभाला और परिजनों को सूचना दी, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। अस्पताल के डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं पाए और कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई। मेडिकल टीम ने पोस्टमॉर्टम की सलाह दी, मगर परिजनों ने इससे इनकार कर दिया। औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
परिवार ने बताया कि दिव्या के बड़े भाई अभिषेक की मौत भी 9 सितंबर 2025 को इसी तरह हुई थी। वह घर पर खेलते समय अचानक बेहोश हो गया था और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया था। चार महीने के भीतर दो संतानों को खोने से परिवार गहरे सदमे में है और इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने घटना पर दुख जताते हुए बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव सुनिश्चित किया जा सके और अभिभावकों की चिंताएं कम हो सकें।