भारी तनाव के चलते बुलाई गई 4 थानों की फोर्स
प्रयागराजः ओवरलोड ट्रक चालक ने स्कूल से लौट रही 5 छात्राओं को कुचला दिया। इस भयानक हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि एक ट्रक के नीचे फंस गई। ट्रक के नीचे दबी छात्रा को बुलडोजर से निकाला गया। वहीं हादसे में 4 छात्र घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना मिर्जापुर हाईवे पर हुई है। दूसरी ओर घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि सभी छात्राएं कठौली स्थित काशी प्रसाद सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज से साइकिल से लौट रही थी। हादसे से गुस्साए स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और रोड जाम कर उन्होंने काफी हंगामा किया। इस दौरान गुस्साई भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। गुस्साए लोगों ने ट्रक से डीजल निकालकर उसमें आग लगा दी। थोड़ी ही देर में आग काफी तेज फैल गई।
आग पर काबू पाने के लिए पुलिस ने फायर ब्रिगेड बुलाई, तो गुस्साए लोग फायर ब्रिगेड कर्मचारियों से भिड़ गए। उन्हें भगाने की कोशिश की। इंस्पेक्टर से भी जमकर बहसबाजी हुई। मिली जानकारी के अनुसार मिर्जापुर हाईवे को लोगों ने जाम कर दिया है और ट्रक जल रहा है। फायर ब्रिगेड को लोग आग बुझाने नहीं दे रहे हैं। तनाव के चलते 4 थानों की फोर्स बुलाई गई है।
लोगों का कहना है कि पुलिस के पास दबी छात्रा को बचाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। दो घंटे तक सिर्फ दिखावा करती रही। बुलडोजर से शुरुआत में ट्रक को उठाने की कोशिश की गई। काफी देर बाद क्रेन आई, तब जाकर बच्ची को निकाला जा सका।
