नई दिल्ली – अजमेर में देर रात तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर पर सो रहे व्यक्ति को कुचल दिया। कार की टक्कर से स्ट्रीट लाइट पोल धराशायी हो गया, जबकि डिवाइडर सो रहे व्यक्ति की मौत हो गई। राहगीरों ने कार सवार दो युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर मेडिकल करवाया है।
पुलिस ने कार में सवार जयपुर टोंक रोड निवासी मोहित जैन व वैशालीनगर निवासी मोहित शेखावत को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनका जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में मेडिकल कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी अनुसार पुराने आरपीएससी भवन के पास देर रात तेज रफ्तार कार डिवाइडर व स्ट्रीट लाइट पोल से टकराने के बाद पलट गई।
दुर्घटना में फव्वारे के पास बने डिवाइडर पर सो रहे युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार सवार ने भागने का प्रयास किया लेकिन आसपास खड़े लोगों ने दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की देर रात तक शिनाख्त नहीं हुई। पुलिस के मुताबिक युवक डिवाइडर पर सो रहा था। पुलिस उसकी पहचान के प्रयास में जुटी है।