अमृतसरः आज महिला दिवस के अवसर पंजाब विधासभा में बजट पेश किया जा रहा है। इस दौरान आम आदमी पार्टी सरकार ने अपने 5 साल के कार्यकाल का आखिरी बजट पेश किया। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने 2,60,437 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। बजट पेश करते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट पंजाब की मांओं और बेटियों को समर्पित है और सरकार द्वारा लोगों को दी गई गारंटी को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। बजट पेश करने से पहले फाइनेंस मिनिस्टर हरपाल सिंह चीमा ने अपनी मां मंजीत कौर का आशीर्वाद लिया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने कहा कि मांओं और बेटियों की भलाई के लिए सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं और यह बजट भी उसी दिशा में एक अहम कदम है। वहीं बजट में महिलाओं के लिए ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। अब पंजाब की हर महिला जो 18 साल से उपर है को 1000 रुपए मिलेंगे, वहीं एससी महिला को 1500 रुपए दिए जाएंगे। इस ऐलान से महिलाओं में खुशी की लहर है।
दूसरी तरफ, अमृतसर के राजा सांसी विधानसभा क्षेत्र के एक कम्युनिटी सेंटर में गांव की महिलाओं ने एक साथ बैठकर पंजाब सरकार का बजट सुना। बजट के दौरान जैसे ही महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देने का ऐलान हुआ, वहां मौजूद महिलाओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कई महिलाओं ने इस फैसले का स्वागत किया और कहा कि सरकार ने जो वादा किया था, वह अब पूरा हो रहा है।
गांव की महिलाओं रूपा कौर, मीनाक्षी, गगनदीप कौर ने कहा कि पंजाब सरकार का महिलाओं की इज्जत का ध्यान रखते हुए हर महीने 1000 रुपये की मदद देने का फैसला तारीफ के काबिल है। इसके अलावा, अनुसूचित जाति की महिलाओं को भी हर महीने 1500 रुपये देने का ऐलान किया गया है, जो सामाजिक रूप से पिछड़े वर्ग के लिए एक बड़ी मदद साबित होगी। महिलाओं ने कहा कि पहले उन्हें घर के खर्चों के लिए अपने पति या परिवार वालों पर निर्भर रहना पड़ता था और पैसों के लिए उनका मुंह देखना पड़ता था, लेकिन अब अगर यह रकम सरकार हर महीने देती है, तो महिलाओं को अपने छोटे-बड़े घरेलू खर्चों को पूरा करने में काफी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह स्कीम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित हो सकती है। इससे महिलाएं घर का बजट ज्यादा अच्छे तरीके से मैनेज कर पाएंगी और परिवार की फाइनेंशियल हालत को मजबूत करने में भी अपना योगदान दे पाएंगी। गांव की महिलाओं ने यह भी कहा कि महिलाओं के लिए सरकार द्वारा लिए जा रहे ये फैसले उनकी जिंदगी में अच्छे बदलाव ला सकते हैं। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में भी सरकार महिलाओं की भलाई के लिए ऐसी और स्कीम लाएगी।