ऊना,सुशील पंडित: जिला ऊना में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा ग्राम पंचायत बरनोह में ‘रिफॉर्म उत्सव’ के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस जागरूकता अभियान में जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले ऊना राजीव शर्मा ने बतौर मुख्यतिथि शिरकत की। जागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न ग्राम सभाओं में विभागीय निरीक्षकों, कर्मचारियों और उचित मूल्य की दुकानों के डिपो संचालकों ने ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
राजीव शर्मा ने बताया कि इस दौरान ग्रामीणों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्होंने बताया कि योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके साथ ही ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ योजना के लाभों से भी अवगत करवाया गया। इस योजना के माध्यम से अन्य राज्यों के नागरिक हिमाचल प्रदेश में तथा हिमाचल के निवासी देश के किसी भी अन्य राज्य में अपनी पात्रता के अनुसार राशन प्राप्त कर सकते हैं।
साथ ही, उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र परिवारों के चयन की प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह किया, ताकि जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत निःशुल्क राशन का लाभ मिल सके।
राजीव शर्मा ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे सरकार की इन जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बरनोह के प्रधान आरती ठाकुर , उपप्रधान अजय ससहित पंचायत सदस्य वि स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
