सूरतः अगर आप भी रेलवे स्टेशन में खाने पीने के शौकीन है तो सावधान। दरअसल, अक्सर लोग रेलवे स्टेशन पर मिलने वाले समोसे, पफ या पेटिस के शौकीन होते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो आपकी भूख मिटा सकती है। रेलवे स्टेशन के एक टी-स्टॉल से बेहद घिनौना और हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में कांच के डिस्प्ले काउंटर के अंदर एक चूहा बड़े आराम से रखे हुए पफ को कुतर-कुतर कर खाता नजर आ रहा है। 29 अगस्त की सुबह एक यात्री ने इस नजारे को अपने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद हंगामा मच गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में रेलवे स्टेशन के एक टी-स्टॉल पर पेटीज का बॉक्स रखा हुआ है और उसमें एक मोटा सा चूहा बड़े आराम से बैठकर पेटीज का टेस्ट लेता दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात ये है कि दुकान वाले का इस पर ध्यान ही नहीं है। वीडियो को लेकर अब बवाल मच गया है। यही पेटीज आगे जाकर अगर किसी ग्राहक को सर्व कर दिया जाए तो उसका बीमार होना पक्का है। ऐसे में रेलवे ने भी इस वीडियो पर संज्ञान लिया है।
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही भारतीय रेलवे हरकत में आ गया। जैसे ही इस वीडियो की जानकारी रेलवे को मिली, संबंधित टी-स्टॉल को तुरंत प्रभाव से बंद करा दिया गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रेलवे के कमर्शियल डिपार्टमेंट ने दुकान के संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, स्टॉल का कॉन्ट्रैक्ट हमेशा के लिए रद्द करने की प्रक्रिया भी चलाई जा रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह घटना ठीक उसी समय सामने आई है जब पश्चिमी रेलवे सूरत और उधना रेलवे स्टेशनों के फूड स्टॉल्स पर विशेष ‘डीप-क्लीनिंग और सैनिटाइजेशन ड्राइव’ चला रहा था। दावा किया जा रहा है कि इसी कैम्पेन के तहत 16 अगस्त को स्टेशन पर पेस्ट और रोडेंट कंट्रोल भी कराया गया था।
लेकिन इसके बावजूद खाद्य सामग्री के बीच चूहे की इस ‘दावत’ ने रेलवे के दावों और सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। वीडियो सामने आने के बाद यात्रियों और इंटरनेट यूजर्स का गुस्सा सातवें आसमान पर है। लोग वीडियो को शेयर करते हुए रेलवे में मिलने वाले खाने की हाइजीन और पैसेंजर्स की सेहत के साथ खिलवाड़ पर सवाल उठा रहे हैं। कई यूजर्स ने चुटकी लेते हुए लिखा कि “जब चूहा ही पहले टेस्ट कर रहा है, तो यात्री कैसे सुरक्षित रहेंगे!” वही कई लोगों ने मांग की है कि ऐसे लापरवाही बरतने वाले वेंडर्स पर भारी जुर्माना और सख्त जेल की सजा होनी चाहिए।