US-Israel Iran War: मिडिल ईस्ट के देशों में हालात अचानक बहुत गंभीर हो गए हैं। शनिवार सुबह से अमेरिका और इज़रायल ने मिलकर ईरान के कई इलाकों पर हवाई हमले किए। बताया जा रहा है कि इन हमलों में ईरान की महत्वपूर्ण सरकारी और सैन्य जगहों को निशाना बनाया गया। खबरों के मुताबिक, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालय को भी निशाना बनाया गया। हालांकि यह साफ नहीं है कि हमले के समय वह वहां मौजूद थे या नहीं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहा है और ऐसी मिसाइलें बना रहा है जो अमेरिका पर हमला कर सकती हैं। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर ईरान की जनता से मौजूदा शासन के खिलाफ खड़े होने की अपील की। इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कहा कि यह हमला ईरान से पैदा हो रहे बड़े खतरे को खत्म करने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान ईरान की जनता को अपना भविष्य खुद तय करने का मौका देगा।
ईरान ने की जवाबी कार्रवाई
हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी कदम उठाए। ईरान की ओर से अलग-अलग देशों में मौजूद अमेरिका के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। ईरान के विदेश मंत्रालय ने साफ कहा कि वह इन हमलों का जवाब देने में कोई हिचकिचाहट नहीं करेगा। मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि अब “मातृभूमि की रक्षा” का समय है और देश दुश्मन के हमलों का मजबूती से सामना करेगा। ईरान ने कहा कि उसके लोग कभी भी विदेशी हमलों के सामने झुके नहीं हैं और इस बार भी कड़ी प्रतिक्रिया दी जाएगी।
यूएई में मिसाइल हमला
इस तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भी धमाकों की खबर आई। संयुक्त अरब अमीरात रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी कि यूएई पर ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया। मंत्रालय के अनुसार, यूएई की वायु रक्षा प्रणाली ने कई मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। हालांकि, एक मिसाइल का मलबा एक रिहायशी इलाके में गिरा, जिससे कुछ संपत्ति को नुकसान हुआ। इस घटना में एक एशियाई नागरिक की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि देश में सुरक्षा स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और सभी एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं।
बुर्ज खलीफा को खाली करा गया
शनिवार को दुबई में भी जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। सुरक्षा के लिहाज से दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा को एहतियातन खाली करा लिया गया। इसके अलावा सऊदी अरब की राजधानी रियाद में भी धमाकों की सूचना मिली। अबू धाबी के दो निवासियों ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि उन्होंने उन इलाकों के पास धमाकों की आवाज सुनी, जहां अमेरिकी कर्मी रहते हैं।
कई देशों में सुरक्षा बढ़ा गई
अमेरिका, इज़रायल और ईरान के बीच बढ़ते टकराव से पूरे मध्य-पूर्व में तनाव फैल गया है। कई देशों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दुनिया की नजर अब इस बात पर है कि आगे स्थिति किस दिशा में जाएगी और क्या यह संघर्ष और बड़े युद्ध का रूप ले सकता है।