ऊना/ सुशील पंडित: जिला मुख्यालय से करीब दस किलोमीटर दूर गांव घंडावल के समीप एक अज्ञात वाहन की टक्कर से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा बीती रात करीब साढ़े 10 बजे का है। दोनों व्यक्ति गांव घंडावल के समीप शादी समारोह में जा रहे थे। इस दौरान शादी में शिरकत करने पहुंचे दो व्यक्ति ऊना अम्ब मार्ग को पार कर दूसरी ओर जा रहे थे। इसी बीच एक तेज रफ्तार वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर लोगों का जमघट लग गया। गंभीर रूप से घायलों को ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन तब तक दोनों दम तोड़ चुके थे। मृतकों की पहचान मनोहर निवासी शिमला और दिनेश निवासी गांव ईसपुर जिला ऊना के रूप में हुई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।