नई दिल्ली : वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पास यलो जोन में देर रात दो मकान गिर गए। दो मकान गिरने से पांच से ज्यादा लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। मकान के मलबे में दबने वालों में महिलाएं भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक खोआ गली चौराहे पर स्थित प्रसिद्व जवाहिर साव कचौड़ी वाले के ऊपर स्थित राजेश गुप्ता व मनीष गुप्ता का मकान सटा हुआ था।
दोनों मकान 70 साल पुराने बताए जा रहे हैं। देर रात दोनों मकान भरभरा कर गिर पड़े।चौक थानाक्षेत्र के खोया गली चौराहे पर ये हादसा हुआ है। हादसे के बाद से काशी विश्वनाथ मंदिर को जाने वाले गेट नंबर 4 को बंद कर दिया गया है। एक नंबर और दो नंबर गेट से मंदिर में जाने वाले दर्शनार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन को घटना की जानकारी दी। एनडीआरएफ की टीम घटना स्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मैदागिन व गोदौलिया से मंदिर जाने वाले गेट नंबर चार से दर्शनार्थियों के प्रवेश को बंद कर दिया हैं।यह दोनों मकान आपस में सटे थे और जर्जर हो चुके थे। बनारस में कई दिनों से बारिश हो रही थी, इसलिए इस मकान की नींव तक में पानी भर गया था। इसकी वजह से सोमवार की देर रात पहले एक मकान धराशायी हुआ और झटका लगने से उससे सटा दूसरा मकान भी बैठ गया।