बलियाः उत्तर प्रदेश के बलिया में दिल दहलाने वाला सड़क हादसे का वीडियो सामने आया है। हनुमानगंज (जीराबस्ती) पुलिस चौकी के समीप सोमवार की सुबह 9 बजे एक बाइक सवार शिक्षक को बस ने कुचल दिया। हादसे में शिक्षक की मौके पर मौत हो गई।इस पूरी घटना का एक वीडियो सामने आया है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। सुखपुरा थाना क्षेत्र के बरगइया के बारी निवासी अरविन्द कुमार उपाध्याय (55) बेरूआरबारी अन्तर्गत कम्पोजिट कन्या जूनियर हाईस्कूल सुखपुरा पर बतौर प्रभारी प्रधानाध्यापक तैनात थे। सोमवार सुबह 9 बजे स्कूल में पढ़ाने जा रहे थे।
इस दौरान हनुमानगंज (जीराबस्ती) पुलिस चौकी के समीप एक स्कूल बस ने कुचल दिया। जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। यह पूरी घटना वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। 14 सेकेंड वीडियो में दिख रहा है कि एक स्कूली बस एक बाइक सवार कुचल देती है। पहले आगे का पहिया ऊपर चढ़ता है। इसके बाद भी बस चालक बस नहीं रोकता है। और दोबार बस के पिछले पहिए भी चढ़ा देता है। कुछ लोग पीछे से चिल्ला रहे होते हैं, इसके बावजूद भी बस चालक बस नहीं रोकता है। बस वहां से भगा ले जाता है।
सोमवार की सुबह अरविन्द कुमार उपाध्याय बलिया शहर स्थित आवास से बाइक से विद्यालय जा रहे थे। अभी वे हनुमानगंज (जीरा बस्ती) पुलिस चौकी के समीप पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक में बस ने जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि अरविन्द की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के पश्चात मौके पर भीड़ जुट गयी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। उधर जब घटना की जानकारी परिजनों को मिली, तो परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बेटे ने बताया कि पिता जी कन्या जूनियर हाईस्कूल सुखपुरा पर बतौर प्रभारी प्रधानाध्यापक तैनात थे। वहीं वह पढ़ाने जा रहे थे।
इस दौरान यह हादसा हो गया है। हर दिन मैं ही उनको छोड़ने जाता है। बुजुर्ग होने की वजह से उनको बाइक चलाने में दिक्कत होती है। लेकिन आज अपने आप बाइक लेकर निकले थे। सुखपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि एक बाइक सवार को बलिया-सिकन्दरपुर मार्ग पर पुलिस चौकी हनुमानगंज से चंद कदम दूर स्कूल बस ने पीछे से टक्कर मार दिया। दुर्घटना में शिक्षक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने बस व चालक को पकड़ लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।