रायपुरः यहां एक दर्दनाक हादसा होने का मामला सामने आया है। सिलतरा चौकी क्षेत्र में हिंदुस्तान कॉइल्स लिमिटेड प्लांट पर 2 ऑपरेटर क्रेन में दब गए। इस दौरान लावा से झुलसकर दोनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्लांट में क्रेन टूटने की वजह से हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी सोनू राय (30) तथा बिलासपुर निवासी जितेंद्र श्रीवास (32) दोनों क्रेन ऑपरेटर थे। दोनों युवक किराए का मकान लेकर रहते थे और हिंदुस्तान कॉइल्स लिमिटेड प्लांट पर नाइट ड्यूटी करते थे। रात करीब 11 से 12 बजे क्रेन में गर्म लोहे के लावे को एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर किया जा रहा था। ट्रांसफर का काम चल ही रहा था, तभी क्रेन टूटकर जमीन पर गिर गई। दोनों क्रेन ऑपरेटर गर्म लावे की चपेट में आ गए जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रबंधन से पूछताछ कर हादसे से जुड़ी जानकारी हासिल करनी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि क्रेन के मलबे में दबे ऑपरेटर्स के शवों को बाहर निकल लिया गया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अंबेडकर अस्पताल भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।