बरेली। उत्तर प्रदेश के बदायूं में गूगल मैप के वजह से एक बड़ा हादसा हो गया। जहां, बदायूं के समरेर से फरीदपुर को जोड़ने के लिए बनाए गए रामगंगा के अधूरे पुल ने तीन लोगों की जान ले ली। मिली जानकारी के अनुसार गूगल मैप से लोकेशन देखकर जा रहे सिक्योरिटी कंपनी के तीनों कर्मचारियों की कार रविवार तड़के बदायूं की ओर से चढ़कर पुल के सीधे नीचे गिर पड़ी। जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों ने घटना बारे पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम जांच में जुट गई।
ये हादसा बरेली के फरीदपुर क्षेत्र के अल्लापुर गांव के पास हुआ है। निर्माणाधीन पुल पर चढ़ी एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रामगंगा नदी में गिर गई। कार सवार दो भाइयों और उनके एक मित्र की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक फर्रुखाबाद जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे ने प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अधूरा निर्माणधीन पुल बना मौत का कारण
जिले के दातागंज और बरेली के फरीदपुर के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने के लिए रामगंगा पर एक पुल का निर्माण हो रहा था। यह पुल सेतु निगम द्वारा बनाया जा रहा था, ताकि लोगों को बरेली होकर लंबा रास्ता तय करने की जरूरत न पड़े। हालांकि, पुल अभी निर्माणाधीन था और पूरी तरह से तैयार नहीं था। दातागंज की ओर से पुल पर चढ़ने से रोकने के लिए एक दीवार बनाई गई थी, लेकिन किसी ने उसे तोड़ दिया था।
गूगल मैप ने कार सवारों को गलत रास्ते पर पहुंचाया
कार तेज गति में थी, अधूरे पुल की जानकारी नहीं थी। घटना दो जिलों से जुड़ी है। बदायूं के दातागंज से कार ने चढ़ाई की और बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में गिर गई। मृतक कौशल, विवेक, दोनों भाई और उनका मित्र गाजियाबाद से आ रहे थे। उन्होंने गूगल मैप की मदद से रास्ता ढूंढा और पुल पर चढ़ गए। हालांकि, पुल अधूरा होने की वजह से कार सीधे नदी में गिर गई। जिससे ये हादसा हो गया।
प्रशासन पर लापरवाही का परिजनों ने लगाया आरोप
मृतक परिजनों ने बताया कि तीनों दोस्त गुड़गांव से गूगल मैप पर रास्ते को देखकर आ रहे थे। गूगल मैप पर निर्माणाधीन पूल पर रास्ता साफ दिखाया जा रहा था, जबकि पुल का एक तरफ का एप्रोच रोड बना हुआ नहीं था। लगभग 50 फीट ऊपर से गाड़ी गिरी और तीनों की मौत हो गई। अगर प्रशासन और पीडब्ल्यूडी ने पुल के रास्ते को ठीक से बंद किया होता, तो शायद ये दुर्घटना न होती।