पंचकूला: शहर में कानून व्यवस्था का चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने तुरंत और सख्त कार्रवाई करते हुए लूट के इरादे से की गई हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को सिर्फ 6 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि हमें गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि दीपक बाइक पर सवार होकर घर की ओर जा रहा था। इस दौरान रात करीबन 2 बजे सेक्टर-12 स्थित कृषि भवन की ओर जाने वाली सड़क पर दो अज्ञात युवकों ने बाइक सवार दीपक पर तेजधार हथियारों के साथ हमला किया है।
उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घायल अवस्था में दीपक को तुरंत सेक्टर-6 में स्थित नागरिक अस्पताल में ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। मामले में मृतक के भाई ने थाना सेक्टर-5 में शिकायत दर्ज करवाई कि उसका 33 साल का भाई दीपक निवासी अमेठी उत्तर प्रदेश जो कि वर्तमान में ढकोली में किराए पर रह रहा था।
पंचकूला में स्थित एक कॉल सेंटर में कार्यरत था परंतु देर रात लूट के इरादे से उस पर हमला किया गया। थाना सेक्टर-5 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरु कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया गया। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने जानकारी देते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 के इंचार्ज दलीप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोशन निवासी गोपालगंज बिहार हाल के किराएदार ढकोली को वारदात के मात्र 6 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी को कल अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया जा पाए। मामले में दूसरे आरोपी की तलाश चल रही है। सभी क्राइम यूनिट्स को भी अलर्ट कर दिया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश की जा रही है। दूसरे आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि पंचकूला में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि – जो भी अपराधी कानून को हाथ में लेने की कोशिश करेगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। पंचकूला पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धा है और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त और तुरंत कार्रवाई जारी रहेगी।