चंडीगढ़ : साल के सबसे गर्म दिनों में गिने जाने वाले इन दिनों की शुरुआत 25 मई से हुई थी। आज भी पंजाब के 16 जिलों में बारिश, तेज हवाएं और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मानसून के दस्तक देते ही देश के अधिकांश राज्यों में मौसम सुहाना बना हुआ है।
दिल्ली के कई हिस्सों में रविवार शाम को हल्की बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिली। तो वहीं पूर्वोत्तर में भारी बारिश ने लाखों को लोगों को प्रभावित किया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 5 दिनों तक बारिश का यही सिलसिला देखने को मिलेगा। राष्ट्रीय राजधानी एवं इससे सटे इलाकों में भी मौसम का बदला मिजाज देखने को मिल रहा है। दिल्ली में भी आने वाले 1-2 दिनों तक हल्की बारी और धूल भरी आंधी देखने को मिल सकती है।
नॉर्थ ईस्ट के 6 राज्यों में पिछले तीन दिनों से जारी भारी बारिश के बाद बाढ़ के हालात हो गए हैं। बाढ़, बारिश और लैंड स्लाइड की चपेट में आने से नॉर्थ ईस्ट में अबतक 26 लोगों की जान जा चुकी है। भारी बारिश के बाद मणिपुर के कई शहरों का हाल बुरा है। इंफाल में तो चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। त्रिपुरा, सिक्किम, असम और नॉर्थ ईस्ट के दूसरे इलाकों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट है।