शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने गांधी जयंती के अवसर पर आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने अपने संघर्ष और सत्याग्रह की शक्ति से भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में अतुलनीय योगदान दिया। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी हमारे लिए एक आदर्श, प्रेरणा के स्रोत और मार्गदर्शक हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और हमें निरंतर प्रेरित करती रहेंगी। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता कर्मियों को मैत्री संस्था द्वारा उपलब्ध करवाए गए हीटर वितरित किए। इसके बाद, राज्यपाल ने सीटीओ जाकर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्र की प्रगति में उनके योगदान को याद किया।

लाल बहादुर शास्त्री ने जीवन में ईमानदारी, सादगी और नैतिकता के उच्च मानदंड स्थापित किए। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री जी ने राजनीति में स्वच्छता और नैतिकता को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की। वर्तमान में राजनीतिक नेताओं को उनके जीवन और मूल्यों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
