जालंधर (Ens): शहर के वार्ड नंबर 23 के अंदर आने वाले अजीत नगर की गली नंबर पांच में आवारा कुत्तों का कहर मचा हुआ है। गली से निकलने वाले लोगों पर कुत्तों का झुंड हमला करने के लिए भागा जिससे बाइक सवार गिर गया। जानकारी के अनुसार अभी तक आवारा कुत्तों ने 20 से ज्यादा लोगों को काट कर घायल कर दिया है।
इससे लोगों का डर के मारे गली से निकलना भी मुश्किल हो गया। लोगों ने इस मामले में शिकायत नगर निगम के इलाके के पार्षद को दी परंतु कोई भी हल नहीं निकला। रविवार की दोपहर इलाके के लिए एकसाथ हल निकलने के लिए नगर निगम और पार्षद के लोगों के खिलाफ रोष भी जाहिर किया।
मामले की जानकारी देते हुए अजीत नगर के रहने वाले अमृतपाल सिंह ने बताया कि पिछले दो महीनों में उनकी गली में आवारा कुत्तों का झुंड कई लोगों पर हमला करके उन्हें घायल भी कर चुका है। उसको खुद भी कुत्तों ने काटा था परंतु अब कुत्ते 20-25 लोगों को काट कर घायल भी कर चुके हैं।
इस बारे में उन्होंने पिछले हफ्ते नगर निगम और इलाके के पार्षद को भी शिकायत देकर इस समस्या का समाधान मांगा था परंतु कोई भी हल नहीं निकला। उसने इलाके के पार्षद और नगर निगम से यह गुहार भी लगाई है कि जल्द इस समस्या का हल निकाला जाए। आने वाले दिनों में लोग गली से सुरक्षित निकल पाएं।