अमृतसरः शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में मरीजों और उनके साथ आए लोगों के लिए औपचारिक रूप से लंगर सेवा शुरू कर दी है। यह लंगर सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के गुरु रामदास लंगर हॉल में तैयार किया जाएगा और रोजाना अस्पताल भेजा जाएगा, जिससे इलाज के लिए आने वाले हजारों मरीजों और उनके परिवार वालों को बहुत सुविधा मिलेगी।
SGPC के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि गुरुओं की पवित्र धरती अमृतसर आने वाले हर दुखी व्यक्ति की सेवा करना सिख पंथ की परंपरा है। गुरु नानक देव अस्पताल पंजाब के प्रमुख और सबसे पुराने स्वास्थ्य संस्थानों में से एक है, जहां राज्य के हर कोने से लोग इलाज के लिए आते हैं। इन मरीजों और उनके साथियों को खाने-पीने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए SGPC ने लंगर का इंतजाम किया है। लंगर और चाय की सेवा सुबह लगभग 7 से 9 बजे तक और शाम को 6 से 8 बजे तक जारी रहेगी और जरूरत के हिसाब से समय बढ़ाया भी जा सकता है। उन्होंने अस्पताल के डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. राजीव देवगन सिंह और सभी कर्मचारियों का शुक्रिया अदा किया और कहा कि श्रद्धालुओं को भी इस सेवा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को सुविधाएं मिल सकें। श्री हरमंदिर साहिब में रोजाना लाखों श्रद्धालु लंगर छकते हैं और यह सेवा मानवता की भलाई के लिए लगातार जारी रहेगी।
इस बीच, अस्पताल के प्रिंसिपल डायरेक्टर राजीव देवगन ने भी SGPC का शुक्रिया अदा किया और कहा कि SGPC द्वारा यह बड़ा प्रयास अस्पताल में किया गया है। और इससे कई मरीजों को बहुत फायदा होगा।
