होसाहल्लीः बेंगलुरु में दोपहिया वाहन से एक शख्स को रोड पर घसीटे जाने का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि रॉन्ग साइड से आ रहे स्कूटी सवार ने कार में टक्कर मार दी। इसके बाद जब कार के ड्राइवर ने बाइक सवार को रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगा। जानकारी के अनुसार, यह घटना बेंगलुरु के मगदी रोड के पास होसाहल्ली मेट्रो स्टेशन के करीब हुई है। कार ड्राइवर ने पकड़ने की कोशिश की तो बाइक सवार उसे घसीटता ले गया।
इस दौरान रोड पर चल रहे अन्य कुछ राहगीरों ने घटना को मोबाइल में कैद कर लिया और तुरंत स्कूटी सवार युवक को रोकने की कोशिश की। इस घटना दौरान ड्राइवर गंभीर रूप से चोटिल हो गया है। उसे इलाज के लिए गोविंदराज नगर के गायत्री अस्पताल में भेजा गया है। आरोपी स्कूटी सवार की पहचान कर ली गई है। इस मामले को लेकर गोविंदराज नगर थाने में केस दर्ज किया गया है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोपी युवक मेडिकल सेल्समैन है। उसने कार चालक 55 वर्षीय मुथप्पा को घसीटा था।