ऊना /सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में सड़क सुरक्षा क्लब के तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में एक प्रभावशाली सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रोड सेफ्टी क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. किरण ठाकुर ने की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा विषय पर कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में तृतीय वर्ष की छात्रा कृति ने प्रथम स्थान, द्वितीय वर्ष के छात्र अंकुश शर्मा ने द्वितीय स्थान तथा द्वितीय वर्ष के छात्र अभिषेक शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल की भूमिका प्रोफेसर अरविंद रतन और प्रोफेसर संजय शर्मा ने निभाई।
कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर सिकंदर नेगी, रोड सेफ्टी क्लब की हेड तन्वी एवं वंशिका सहित अन्य प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए सभी विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में यातायात नियमों का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।