नई दिल्ली। देश में मानसून अलविदा कहने की कगार पर है। इसके बावजूद मौसम विभाग (IMD) ने 16 से 18 अक्टूबर तक 10 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के अनुसार अगले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, बिहार और झारखंड से वापस जाने की संभावना है। हालाँकि, कई राज्यों, विशेषकर दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में भारी बारिश होने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है।
इस बीच बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर हलचल बढ़ गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि कम दबाव का सिस्टम सोमवार तक चक्रवात में बदल जाएगा। इस बीच, आंध्र प्रदेश के गृह मंत्री ने गृह और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहने और संभावित प्रभावों के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया, जिसमें बापटला, प्रकाशम, नेल्लोर, कुरनूल और नंद्याला जैसे कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है इस चक्रवात का असर बंगाल से लेकर बिहार तक दिखेगा।
दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
दक्षिणी राज्यों के लिए आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 15 अक्टूबर तक, केरल में अगले छह दिनों तक और आंध्र प्रदेश में 14 से 16 अक्टूबर तक भारी बारिश होगी। कर्नाटक में भी 14 अक्टूबर तक बारिश होगी। जबकि तमिलनाडु और केरल में 14 और 15 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है।