फरीदकोटः विजिलेंस ब्यूरो द्वारा वूमेन सेल फरीदकोट में तैनात महिला एएसआई हरजिंदर कौर को पीड़ित महिला से उसके पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए 75 हजार रुपये की रिश्वत वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो के वक्ता ने बताया कि बताया कि गांव झक्खड़वाला निवासी मनजीत कौर द्वारा 31 जुलाई को भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर शिकायत दर्ज करवाई गई थी कि उसकी शादी 3 फरवरी 2016 को जिला श्री मुक्तसर साहिब के गांव लुहारा निवासी गुरसिमरत सिंह के साथ हुई थी और वह कनाडा का नागरिक है।
शिकायतकर्ता द्वारा अपने एनआरआई पति के खिलाफ एसएसपी कार्यालय में उसके साथ 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने तथा शादी करने के बावजूद उसे विदेश लेकर जाने के लिए 30 लाख रुपये और मांगने के आरोप में शिकायत दर्ज करवाई थी। इस मामले की जांच एएसआई हरजिंदर कौर को सौंपी गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि एएसआई हरजिंदर कौर द्वारा आरोपी पक्ष पर कार्रवाई करने के लिए उससे रिश्वत के तौर पर 75 हजार रुपये वसूले गए और अब वह उसके पति और ससुराल परिवार के खिलाफ एफआईआर करने के बदले में एक लाख रुपये की और मांग कर रही है।
उसके द्वारा शिकायत के साथ विजिलेंस ब्यूरो को आरोपी एएसआई की काल रिकार्डिंग भी सौंपी। विजिलेंस वक्ता ने बताया कि शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो ने पुलिस स्टेशन विजिलेंस ब्यूरो, फिरोजपुर रेंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत आरोपी एएसआई हरजिंदर कौर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।