25 जून के बाद आएगा मानसून, गर्मी से भी हलकी राहत मिलेगी
जालंधरः पंजाब में ऊमस भरी गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। नमी बढ़ने से न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री की कमी देखने को मिली है, लेकिन अभी भी पंजाब का तापमान 5.3 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। आज मौसम विभाग ने आंधी व तेज हवाएं चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।
अनुमान है कि वैक्यूअम की स्थिति के बीच तेज हवाएं चलेंगी। जिनकी रफ्तार 40 किमी तक पहुंच सकती है। ये स्थिति वीरवार तक रहने का अनुमान है। अगर तेज हवाएं चलती हैं या बारिश होती है तो तापमान में भी गिरावट आएगी और गर्मी से भी हलकी राहत मिलेगी।
20 जून को भी पंजाब में तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी है। लेकिन 21 जून से पंजाब में हालात सामान्य होते दिख रहे हैं। लू से भी राहत मिलेगी, वहीं तापमान भी 40 डिग्री या उससे नीचे पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में मानसून 25 से 30 जून के बीच दस्तक दे सकता है। मध्य भारत गुजरात की तरफ मानसून सामान्य स्थिति से बढ़ रहा है, लेकिन मध्य व नार्थ-ईस्ट राज्यों की बात करें तो वहां मानसून की रफ्तार काफी धीमी है। आने वाले समय में मानसून अपनी सामान्य स्थिति में आता है तो पंजाब में 25 से 30 जून के बीच दस्तक दे सकता है।