अमृतसरः पंजाब में भले ही चुनावों को लेकर प्रशासन द्वारा तैयारियां मुक्कमल की गई है। लेकिन चुनावों को लेकर आतंकी पन्नू ने धमकी दी है। दअरसल, खालिस्तानी आतंकी व सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने धमकी दी कि चुनाव वाले दिन पंजाब राज्य के सभी पोलिंग बूथ उसके निशाने पर होंगे। किसी भी पोलिंग बूथ व हमला या धमाका हो सकता है। यह बात उसने इंटरनेट काल के माध्यम से रखी है। उसका कहना है कि पंजाब पुलिस ने तीन खालिस्तानियों को काबू किया था। जिन्हें पकड़कर पुलिस की तरफ से बिल्कुल ठीक नहीं किया गया। वहीं, इस मामले में अभी तक पुलिस का कोई बयान नहीं आया है।
हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस मैसेज के बाद पूरी तरह से अलर्ट हो गई। साथ ही हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। दरअसल मंगलवार को काउंटर इंटेलिजेंस और बठिंडा पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन में गुरपतवंत सिंह पन्नू के तीन गुर्गे दबोचे थे। पुलिस ने इन्हें दिल्ली और बठिंडा से गिरफ्तार किया था। इन्होंने पुलिस को पूछताछ में बताया था कि उन्हें खालिस्तानी नारे लिखने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
यह नारे उन्होंने अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर लिखने थे। वहीं, उन्होंने 24 अप्रैल को बठिंडा के जिला प्रशासनिक और काेर्ट कांप्लेक्स के बाहर भी उन्होंने नारे लिखे थे। फिर उन्होंने नौ मई को दिल्ली के झंडेवाला मेट्रो स्टेशन और करोल बाग मेट्रो स्टेशन पर भी ऐसे नारे लिखे थे। इनकी गिरफ्तारी के बाद से पन्नू बौखलाया हुआ था। गुरपतवंत सिंह पन्नू विदेश में बैठकर गत कई सालों से पंजाब के माहौल खराब करने की कोशिश में लगा हुआ है। वह सोशल मीडिया के माध्यम से पहले युवाओं को उकसाता रहा है।
वहीं, उन्हें पैसे आदि का लालच देकर उनसे आतंक से जुड़ी वारदातों को अंजाम दिलवाता है। उसके खिलाफ पंजाब के कई थानों में केस दर्ज हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी एनआईए ने भी उस पर केस दर्ज कर अपनी जांच शुरू की है। कुछ माह पूर्व एनआईए की तरफ से उसकी चंडीगढ़ स्थित कोठी व अमृतसर में कृषि योग्य जमीन अटैच की थी। वहीं, गत कुछ समय में इसके कई गुर्गे पकड़े जा चुके हैं। मोहाली पुलिस ने भी खालिस्तानी नारे लिखने वाले युवा दबोचे थे। इसके अलावा आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू सीएम भगवंत मान तक को जान से मारने की धमकियां दे चुका है।
