पटियाला : समाना इलाके में आवारा कुत्तों से लोग सहमे हुए हैं। समाना के सरकारी अस्पताल में 20 दिन के अंदर अब तक 100 से ज्यादा मरीज कुत्तों के काटने के आ चुके हैं। गांव मरदाहेड़ी में गली में खेल रहे अपने बच्चे को लेने के लिए गई महिला पर आवारा कुत्ते ने हमला कर उसे गंभीर जख्मी कर दिया।
उक्त महिला गर्भवती है। उसे समाना के सरकारी अस्पताल में दाखिल किया है। महिला के रिश्तेदारों ने बताया कि गांव में आवारा कुत्तों की भरमार है। पिछले दिनों एक भैंस को कुत्तों ने काट लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उस परिवार का 1 लाख रुपए का नुकसान हुआ।
लोगों की मांग है कि इन आवारा कुत्तों की नसबंदी की जाए। समाना अस्पताल के डॉक्टर कनवर कीर्ति ने बताया कि महिला गर्भवती है। कुत्तों ने उसे बाजू पर कई जगह काटा है। उसका उपचार किया जा रहा। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर कमल ने बताया कि रोजाना 10 मामले कुत्तों के काटने के आ रहे हैं।