लुधियानाः लुहारा के पास नहर के पास एक तेज रफ्तार कार चालक ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी, जिससे 3 लोग घायल हो गए। कार चालक खुद को पंजाब रोडवेज का कर्मचारी बता रहा था, मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया। हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक काफी तेज गाड़ी चला रहा था। ऐसा लग रहा था कि उसने नशा कर रखा हो। हालांकि, हादसे के बाद जब उन्हें रोककर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें जल्दी खन्ना जाना है।
इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए हैं। जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया है। उन्होंने पुलिस पर एक घंटे देरी से पहुंचने का भी आरोप लगाया। वहीं कार चालक का कहना है कि वह कार ठीक से चला रहा था, अचानक मोटरसाइकिलों ने गलत तरीके से कट मारा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही वह 5 मिनट के अंदर पहुंच गए। हादसे में तीन लोग घायल हो गए हैं। जिन्हें अस्पतालों में भेजा गया है। थाना डाबा की पुलिस को सूचित कर दिया गया है। पीड़ितों को भी थाने पहुंचने को कहा गया है।
