जालंधर, वरुण/हर्षः पंजाब सरकार भले ही नशा खत्म करने के दावे कर रही है, लेकिन हकीकत में पंजाब पुलिस के मुलाजिम डयूटी दौरान खुद ही नशे का सेवन करते दिखाई दे रहे है। ऐसा ही एक मामला बस्तियात इलाके से सामने आया है। इसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। वायरल वीडियो में पीसीआर पुलिस मुलाजिम डयूटी दौरान सरकारी गाड़ी में शराब का सेवन कर रहे है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क के बीच पीसीआर की गाड़ी खड़ी कर पुलिस कर्मचारी शराब पी रहा था, जिसके कारण रोड पर जाम लग गया था।
रोड पर जाम लगान होने के चलते राहगीरों की नजर पीसीआर की गाड़ी पर पड़ी तो राहगीरों ने मौके पर ही पुलिस कर्मी की शराब का सेवन करते की वीडियो बना ली, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि गाड़ी में एक शराब से भरा गिलास पड़ा हुआ है और पुलिस कर्मचारी नशे में धुत है। पुलिस कर्मचारी लोगों के सवाल का जवाब भी सही तरह से नहीं दे पा रहा था। वीडियो बनती देख कर्मचारी गाड़ी से उतर कर जल्दी से ट्रैफिक निकलवाना शुरू कर देता है। थाना पांच के प्रभारी परमिंदर सिंह थिंद ने बताया कि मामले की जांच कर रहे हैं। दोषी पाए जाने पर बनती कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ऐसी लापरवाही की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, उसके बावजूद न अधिकारी इस ओर ध्यान देते और न कार्रवाई होती।