खन्ना : एक NRI की नाले में गिरकर मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि वह किसी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आया था। 37 वर्ष वरिंदर सिंह गिल लुधियाना के बुलारा गांव का रहने वाला था। वह अपनी पत्नी और 9 साल के बेटे के साथ आस्ट्रेलिया में रहता था। वह करीब साढ़े 9 वर्ष बाद गांव लौटा था। रविवार रात वह दोस्त के साथ मलौद के गांव कुलाहड़ में दोस्त की रिश्तेदारी में शादी में गया। एक दिन पहले जागो समारोह में उसने ज्यादा शराब पी ली और नाले में गिर गया। वरिंदर के दोस्तों ने बताया कि जागो पार्टी में उसने खूब मस्ती की और शराब पी। पार्टी के बाद रात करीब सवा 1 बजे वह रिश्तेदार के घर से निकला।
रात करीब 2 बजे वहां से निकल रहे एक व्यक्ति ने देखा कि कोई नाले में पड़ा है। उसने शादी वाले घर में सूचना दी। तब लोगों ने देखा कि वह वरिंदर था। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामले की जांच कर रहे ASI हरजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने वरिंदर के दोस्त गुरप्रीत सिंह गिल का बयान दर्ज किया है। उसके आधार पर धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
