अमृतसरः अमृतसर के घी मंडी चौक में निहंग सिंह संगठनों ने शराब, अहाते, बीड़ी सिगरेट की दुकानों और एक नाई की दुकान पर हमला कर दिया। लोगों ने जानकारी देते कहा कि निहंग सिंह हथियारों से लैस होकर आए और दुकानों में घुस गए। इस दौरान दुकान में पड़ा सामान और नकदी लूटकर फऱार हो गए। वहीं दुकानदारों ने आरोप लगाया कि उनकी मार्केट में कुछ सिख समुदाय की भी दुकानें हैं उन्हें निशाना नहीं बनाया गया। सिर्फ उनकी दुकानों को निशाना बना तोड़फोड़ की गई है। उनका कहना है कि वाल्मीकि मंदिर घी मंडी चौक में है वह किराए पर दुकाने चलाते हैं। वहीं निहंग सिंहों की और से एक नाई दुकानदार से मारपीट भी की गई है। यह सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
दुकानदारों का कहना है कि हम सभी वाल्मीकि संगठनों और अन्य सामाजिक संगठनों से अपील करते हैं कि अगर प्रशासन ने जल्द मामले में आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की तो वह विरोध प्रदर्शन करेंगे।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी सुखबीर सिंह ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि कुछ निहंग सिंहों ने दुकानदारों पर हमला कर दिया है। मौके पर सीसीटीवी कैमरों को चेक कर रहे हैं और जल्द ही मामले में आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। किसी को भी कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
