लुधियानाः जिले के जगीरपुर स्थित सुरजीत कॉलोनी में महिला को ब्लैकमेल करने के मामले में महिला ने सुसाइड करके जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतिका की पहचान 32 वर्षीय रोजी के रूप में हुई है। आरोप है कि मकान मालिक के लड़के सतनाम उर्फ टींका ने महिला की नहाते हुए की वीडियो बना ली थी। जिसके बाद वह उसे ब्लैकमेल करने लगा। इस मामले को लेकर महिला ने जीवनलीला समाप्त कर ली। महिला का पति यूके में रहता है। परिवार के अनुसार, रोजी का पति पिछले 5 महीनों से रोजगार की तलाश में विदेश गया हुआ था।
रोजी का एक बेटा और एक बेटी है जिनके पूरी जिम्मेदारी रोजी के कंधों पर थी। लेकिन उसे अंदाज़ा नहीं था कि जिस घर में वह रह रही है, वहीं का मकान मालिक उसके लिए अभिशाप साबित होगा। इस मामले को लेकर जांच अधिकारी एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि मामला 9 फरवरी 2026 का है। रोजी का पोस्टमॉर्टम सिविल अस्पताल में करवाया गया और शव परिवार के हवाले कर दिया गया है।
महिला ने मरने से पहले एक वीडियो बनाया है, जो महिला ने पति को 3 मिनट 13 सेकेंड का वीडियो भेजा। जिसमें उसने कहा- मैं अब नहीं जी सकती सॉरी जी..मैं अब आपका साथ यहीं पर छोड़कर जा रही हूं..इससे ज्यादा नहीं जी सकती। हमने कई बार अपना घर चेंज करने की कोशिश की, आपने हमारी बातों का कभी विश्वास नहीं किया। वह इसी चीजों का फायदा उठा गया।
टिब्बा थाना पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और धारा 3(5) (साझा इरादा) के तहत केस दर्ज किया है। इस मामले में दो लोगों को, जिसमें मकान मालिक सतनाम उर्फ टिक्का और उसकी पत्नी पुष्पा को नामजद किया गया है। पुलिस दोनों की तलाश में छापेमारी कर रही है। मृतका के पिता पाला राम ने बताया कि 9 फरवरी 2026 को उन्हें फोन आया कि उनकी बेटी ने फंदा लगा लिया है और उसकी मौत हो चुकी है। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो रोजी के ससुरालियों ने बताया कि उसने कभी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था।
हमेशा बच्चों की बातें खुशी से करती थी। रोजी के पिता ने बताया कि मौत से कुछ समय पहले रोजी ने एक वीडियो बनाई थी जिसमें उसने साफ तौर पर मकान मालिक पर गंभीर आरोप लगाए। सूत्रों के अनुसार, रोजी ने दम तोड़ने से पहले अपने मोबाइल फोन में कई वीडियो क्लिप्स रिकॉर्ड की थीं। इन सभी में उसने अपनी पीड़ा व्यक्त की और अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर मकान मालिक सतनाम उर्फ टींका को जिम्मेदार ठहराया। रोजी ने बताया कि किस तरह वह लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग सह रही थी।
