लुधियानाः जिले के दुगरी इलाके के हिम्मत सिंह नगर में एक दुखद घटना सामने आई है। जहां 33 साल की एक विवाहिता ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान साक्षी, पत्नी नरिंदर सिंह के रूप में हुई है। साक्षी अपने पति और परिवार के साथ किराए के मकान में रहती थी।
पंखे से चुन्नी बांधकर लगाया फंदा
बताया जा रहा है कि साक्षी ने घर के अंदर पंखे से चुन्नी बांधकर फंदा लगा लिया। जब परिवार को घटना का पता चला तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
नवंबर 2016 में हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार साक्षी और उसके पति नरिंदर सिंह की शादी नवंबर 2016 में हुई थी। दोनों बैंकिंग सेक्टर में काम करते थे। दंपति का एक 5 साल का बेटा भी है। परिवार पिछले कुछ समय से हिम्मत सिंह नगर में किराए के मकान में रह रहा था।
मायके वालों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
घटना की जानकारी मिलने के बाद साक्षी के मायके वाले भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने उसके पति नरिंदर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पति अक्सर साक्षी के साथ झगड़ा करता था और उसके साथ मारपीट भी करता था।
परिजनों का आरोप है कि पति की लगातार प्रताड़ना और घर में होने वाले झगड़ों से साक्षी काफी परेशान थी। परिवार का कहना है कि इसी परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच अधिकारी के अनुसार, फिलहाल मृतका के मायके वालों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। परिजनों के बयानों और सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस पति के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि साक्षी ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया।