बठिंडाः जिले से एक भयानक सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। बठिंडा के परसराम नगर में 2 बाइक सवारों की बाइक फ्लाइओवर से नीचे गिर गई जिसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सहारा एनजीओ की टीम ने सूचना मिलने पर शवों को सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया और मौके पर पुलिस को भी सूचित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी मुताबिक, 2 दोस्त मोटसाइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इस दौरान जब वह तेज रफ्तार से परसराम नगर के नजदीक फ्लाइओवर को पार कर रहे थे कि अचानक उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और उनकी बाइक डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक फ्लाइओवर से नीचे गिर गए जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
लोगों ने तुरंत आनन फानन में पुलिस और सहारा एनजीओ की टीम को सूचित किया। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और एनजीओ की टीम ने दोनों युवकों के शवों को सिविल अस्पताल, बठिंडा में पहुंचाया। जहां, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
