एक की टूटी बाजू और दूसरे की टांग
लुधियानाः नेशनल हाईवे के गिल रोड़ फ्लाईओवर पर 3 बाइक सवारों की वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही थी। इस मामले में दुगरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा था। जिसमें बाइक पर सवार 3 युवक थे और हाथों में पिस्तौल लेकर सरेआम लहरा रहे थे।
इस मामले में दुगरी पुलिस ने एक्शन लेते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से बाइक नंबर पीबी 91 एस 4262 बरामद कर ली है। आरोपियों के खिलाफ अंडर सेक्शन 304, 307 और 25 आर्म्स एक्ट, बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। बता दें कि नेशनल हाईवे के गिल रोड़ फ्लाईओवर पर बाइक सवारों की वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बाइक पर सवार युवकों में से जो बीच में बैठा है उसके हाथ में पिस्तौल है।
वह हाथ में पिस्तौल लिए राहगीरों को रास्ता छोड़ने की धमकी दे रहा है। युवक न केवल हथियार दिखा रहे हैं, बल्कि तेज रफ्तार में स्टंटबाजी भी कर रहे हैं। वीडयों में आरोपियों के बाइक का नंबर भी साफ नजर आ रहा है। पूरी वीडियो में आरोपी पिस्तौल हाथ में लेकर और लहराते हुए जा रहे थे लेकिन न तो किसी चौक-चौराहे पर पुलिस थी और ना ही किसी पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया था। लेकिन अब वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में से किसी की बाजू टूटी हुई है तो किसी की टांग टूटी हुई है।
