अमृतसरः जिले के बटाला रोड इलाके में प्रवासी मजदूरों ने एकत्र होकर 5 किलो वाले गैस सिलेंडरों से जुड़ी अपनी समस्याएं और सरकार द्वारा दी गई सुविधा के बारे में मीडिया से बातचीत की। इस मौके पर प्रवासी मजदूरों के प्रधान महेश वर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार ने एक योजना लागू की है, जिसके तहत बाहरी राज्यों से आए मजदूरों, छात्रों और किरायेदारों को अब अपना प्रमाण दिखाकर आसानी से छोटे 5 किलो के सिलेंडर मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहले इन वर्गों को सिलेंडर पाने में काफी दिक्कत होती थी।
उन्होंने सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह फैसला बहुत अच्छा है, लेकिन सिलेंडर की कीमत अभी भी काफी अधिक है। उन्होंने मांग की कि वर्तमान कीमत को घटाकर लगभग 500 रुपये किया जाए ताकि मजदूरों को बड़ी राहत मिल सके। इस मौके पर अन्य मजदूरों ने भी अपने विचार साझा किए। सीताराम नामक मजदूर ने कहा कि महंगाई के कारण घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि दिहाड़ी कम है और खर्चे बढ़ रहे हैं, इसीलिए सिलेंडर की कीमत घटाना बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भले ही सरकार की ओर से कुछ राहत दी गई है, लेकिन जब तक कीमतों में कमी नहीं आएगी, तब तक मजदूर वर्ग को असली फायदा नहीं मिलेगा। एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और अन्य राज्यों से आए प्रवासी यहां रहकर मेहनत कर रहे हैं और उन्हें सिलेंडर की सुविधा मिलना जरूरी है, ताकि वे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी और काम आसानी से चला सकें। प्रवासियों ने एकजुट होकर केंद्र और पंजाब सरकार से अपील की कि छोटे सिलेंडरों की कीमत में कमी की जाए, ताकि मजदूर वर्ग को और बड़ी राहत मिले और कालाबाज़ारी पर भी रोक लगाई जा सके।