अमृतसरः जिले के गांव सैदोलाहल में स्नेचिंग की घटना सामने आई है। जहां घर से बाहर बुलाकर महिला सरपंच की बालियां छीनकर बाइक सवार स्नेचर फरार हो गए। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें देखा जा सकता है कि बाइक से उतरकर एक व्यक्ति घर के बाहर आकर खड़ा हो गया। इस दौरान महिला को बाहर बुलाकर उसकी बालियां छीनकर फरार हो गया। हालांकि महिला उसे काबू करने के लिए पीछे भागी और सड़क पर गिर गई। घटना को अंजाम देकर बाइक सवार मौके से फरार हो गए।
आप पार्टी की महिला सरपंच अमरजीत कौर ने बताया कि वह घर के अंदर थीं और उनकी पोती बाहर एक्टिवा साफ कर रही थी। उसी समय मोटरसाइकिल पर दो अज्ञात युवक उनके घर के बाहर आकर रुके। युवकों ने पोती से सरपंच को बाहर बुलाने को कहा। जैसे ही अमरजीत कौर बाहर आईं, एक युवक बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा और दूसरे ने उनसे किसी का घर पूछने तथा मुर्गियों के बारे में बातचीत करने के बहाने बातों में उलझा लिया।
बातचीत के दौरान ही मौका पाकर आरोपी ने अचानक झपट्टा मारा और उनके दोनों कानों से सोने की बालियां खींच लीं। अमरजीत कौर ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन धक्का-मुक्की के दौरान वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ीं। इसके बाद दोनों लुटेरे तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर सवार होकर भागने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मुआयना किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR No. 113) दर्ज कर ली गई है। शुरुआती जांच में सीसीटीवी फुटेज से दो संदिग्धों की मूवमेंट का पता चला है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों के हुलिए और इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की पहचान करने में जुटी है। इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पीड़िता ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने तथा आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।