बटालाः शहर में फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अभी पिछली घटना को 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि बटाला के गौंसपुरा इलाके में फिर फायरिंग का मामला सामने आ गया। जहां, कुछ युवक फायरिंग करके मौके से फरार हो गए। घटना के कारण अभी स्पष्ट नहीं हुए हैं, लेकिन वारदात में 2 महिलाएं गोली लगने से घायल हो गई हैं।
जानकारी मुताबिक, बटाला के गौंसपुरा इलाके में कुछ युवकों ने अज्ञात कारणों से पिस्टल से तीन फायर किए जिसमें से एक गोली अपने घर से किराने का सामान खरीदने निकली बुजुर्ग महिला अमरजीत कौर को लगी, वहीं एक गोली का शर्रा अन्य महिला को भी लगा। वहीं अमरजीत कौर को आनन-फानन में सिविल अस्पताल बटाला पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अमृतसर के अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गौंसपुरा इलाके में फायरिंग हुई है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि इस घटना में 3 राउंड फायर किए गए तथा अज्ञात व्यक्ति मौके से फरार हो गए। इस दौरान 2 महिलाएं घायल हो गई हैं। उन्होंने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी हैं।