लुधियानाः महानगर में गोलियां चलने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं आज दोपहर के समय गोली चलने की घटना सामने आई है। दरअसल, टिब्बा रोड़ के नजदीक गोपाल नगर में गोली चली है। इस घटना में व्यक्ति घायल हो गया। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भर्ती करवाया गया। मामले की जानकारी देते हुए घायल व्यक्ति दिनेश कुमार ने बताया कि वह हौजरी का कारोबारी है।
पीड़ित ने कहा कि आज दोपहर के समय वह फैक्टरी से ताजपुर रोड़ पर काम के सिलसिले से जा रहा था। इस दौरान मुस्लिम ढाबे के पास उसे अचानक आवाज आई और उसके बाद पता चला कि उसकी बाईं बाजू में से खून निकलने लगा। घटना के दौरान गोली कपड़े में फंसी हुई थी। घायल होने के बाद उसने दोस्तों को जानकारी दी और दोस्त उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर आ गए। वहीं घायल दिनेश को लेकर डॉक्टर का कहना है कि मरीज का एक्सरा किया गया, लेकिन बाजू में कोई फैक्चर नहीं आया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।