मोहालीः डस्ट्रियल एरिया, फेस 8-बी में अवैध रूप से चल रहे कॉल सेंटर में पुलिस ने रेड की। इस दौरान पुलिस ने कॉल सेंटर से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, पुलिस को कॉल सेंटर की ओर से ठगी मारने की शिकायत मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रेड की। पुलिस जांच में सामने आया है कि अब तक आरोपी 338 पीड़ितों से करीब 20 हजार डॉलर वसूल चुके है। इस अवैध कॉल सेंटर को रॉहित माहेरा नाम व्यक्ति द्वारा संचालित किया जा रहा था। यह सेंटर लगभग 8 से 10 दिन पहले ही शुरू किया गया था।
इतने कम समय में ही गैंग लगभग 20,000 डॉलर की धोखाधड़ी कर चुका था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रॉहित माहेरा पुत्र सुभाष कुमार निवासी लुधियाना, अन्वर रेडरिक्स पुत्र विल्फ्रेड निवासी गोआ, हाल जीरकपुर, सोमदेव पुत्र दोबासीस निवासी कोलकाता, हाल जीरकपुर, बुद्धा भूषण कमले पुत्र साहिब निवासी पुणे, हाल जीरकपुर, एथनी गोम्स पुत्र रेसमी निवासी कोलकाता, हाल जीरकपुर और जीतेंद्र कुमार पुत्र दविंदर निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से 6 लैपटॉप, 3 मोबाइल सहित अन्य डिजिटल सबूत बरामद किए गए है। आरोपियों ने विदेशी नागरिक महिला को गूगल ऐड के जरिए अपने जाल में फंसाते थे।
जिसके बाद झूठे संदेश और पॉपअप के माध्यम से वह लोगों को बताते थे कि उनके कंप्यूटर या लैपटॉप में तकनीकी खामी आ गई है। जिसके बाद फिर उनसे अपने नंबरों पर कॉल कराई जाती थी, व्यक्तियों से एंटीवायरस या सिस्टम अपडेट का नाम देकर ऐप्पल या वॉलमार्ट गिफ्ट कार्ड खरीदने को कहा जाता था, जिसके कोड लेकर उनके साथ धोखाधड़ी की जाती थी। इस कॉल सेंटर का मास्टरमाइंड एल्क्स नाम का व्यक्ति है, जो फिलहाल फरार चल रहा है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की जांच की जा रही है। आरोपियों की बैंक लेन-देन और डेटा की जांच की जा रही है और अन्य भी पीड़ितों की पहचान की जा रही है।