होशियारपुरः पंजाब भर में नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत कासो ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं शहर के विभिन्न इलाकों में आज तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में 18 संदिग्ध इलाकों में पुलिस ने दबिश देते हुए कई घरों की गहनता से जांच की। वहीं बहादुरगढ़ क्षेत्र में पहुंचे एडजीपी शिव कुमार वर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह ऑपरेशन मुख्यमंत्री और डीजीपी पंजाब के निर्देशों पर चलाया जा रहा है।
इस दौरान जिले में करीब 18 स्थानों पर यह सर्च ऑपरेशन चल रहा है। इस मुहिम में 500 पुलिस कर्मियों की फोर्स लगाई गई है। यह सभी पुलिस कर्मी उन लोगों के घरों की विशेष रूप से तलाशी ले रही है जो पहले ही नशा तस्करी के मामलों में नामजद हैं या संदिग्ध हैं। इस दौरान एडीजीपी ने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए यह मुहिम इसी तरह से जारी रहेगी। किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।
